Sunday, May 3, 2020

जिले में पहली मौत के साथ फिर से लौटा कोरोना! एक अन्य रोगी पॉजीटिव, प्रशासन हरकत में...

— राकेश सोनी 'राज'

प्रतापगढ़  (राज.)। 03 मई 2020


          पिछले 40 दिनों से प्रतापगढ़ जिला कोरोना की वैश्विक बीमारी से पूर्णत: सुरक्षित था। जिला प्रशासन की चाक—चौबंद व्यवस्था एवं सीलबंदी के चलते कोरोना दस्तक नहीं दे पाया था जिससे प्रतापगढ़ जिले को ग्रीन जोन में घोषित किया गया था किंतु रविवार को जिले के दो उपखण्डों में कोरोना के केस सामने आने से ग्रीन जोन में आए प्रतापगढ़ के लिए फिर से संकट खड़ा हो गया है। जिला प्रशासन एक बार फिर हरकत में आ गया है।
​          जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट उपखण्ड क्षेत्र के पावटीपाड़ा निवासी एक 40 वर्षीय टीबी रोगी व्यक्ति को सर्दी, खांसी व बुखार होने पर जिला चिकित्सालय के सामान्य वार्ड में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उसे आईसीयू में शिफ्ट किया गया और उसकी वहां मृत्यु हो गई। चिकित्सा विभाग ने मृतक के सेम्पल जांच हेतु पूर्व में भेज दिए थे जिसकी रिपोर्ट उसकी मृत्यु के बाद पॉजीटिव आई।
          पीपलखूंट के ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आर.एन.सरसोदिया ने मृतक के कोरोना पॉजीटिव होने की पुष्टि करते हुए बताया कि यह मृतक पहले से ही बीमार चल रहा था, जो ​टीबी से ग्रसित था। जिला चिकित्सालय में आने से पूर्व उसने बांसवाड़ा के निजी चिकित्सालयों में अपना उपचार कराया था जिसकी पर्ची मृतक से पाई गई। मृतक किस—किस से मिला, इसकी पूरी चैन खंगालने हेतु टीमें गठित कर दी गई है।
          इधर, जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने जिले में दो कोरोना पॉजीटिव की पुष्टि करते हुए मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले के पूरे पुलिस प्रशासन एवं चिकित्सा स्टाफ को सजग कर आवश्यक दिशा—निर्देश दिए हैं।
          विदित हो कि पीपलखूंट उपखण्ड के मृत कोरोना पॉजीटिव वयस्क के अलावा छोटीसादड़ी उपखण्ड के बंबोरी गांव का युवक जिला चिकित्सालय के आईसोलेशन वार्ड में भर्ती था, जिसे उदयपुर रैफर कर दिया गया है। 
प्रतापगढ़ के बंबोरी व पावटी में लगाया कर्फ्यू

          प्रतापगढ़ जिले में दो कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अनुपमा जोरवाल ने 2 इलाकों में कर्फ्यू लगाया है। जारी आदेश में जिला कलक्टर ने बताया कि जिले के छोटीसादड़ी उपखंड क्षेत्र के बंबोरी ग्राम में एक मरीज के पॉजिटिव होने से उक्त व्यक्ति के निवास स्थान से 1 वर्ग किलोमीटर की परिधि में पूर्णतया कर्फ्यू लगाया गया है। इसी क्रम में जिले की पीपलखूंट तहसील के राजस्व ग्राम  मजरा पावटी में एक मृतक के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि के पश्चात मजरा पावटी एवं संपूर्ण राजस्व ग्राम पीपलखूंट में पूर्णतया कर्फ्यू लगाया गया है।
          उन्होंने संबंधित उपखंड मजिस्ट्रेट एवं पुलिस उप अधीक्षक को निर्देशित किया है कि इस दौरान कोई भी व्यक्ति कर्फ्यू ग्रस्त क्षेत्रों में घरों से बाहर नहीं निकले इसकी पालना सुनिश्चित करेंगे।

          उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया है कि वे व्यक्तियों के निवास से 3 वर्ग किलोमीटर एवं 5 वर्ग किलोमीटर की परिधि में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रोटोकॉल अनुसार प्रत्येक व्यक्ति का स्वास्थ्य परीक्षण एवं इनके संपर्क में आए प्रत्येक व्यक्ति का चिकित्सा परीक्षण करना सुनिश्चित करें ताकि संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके।